चंडीगढ़| सरकार योजनाओं को सफल करने का जिम्मा अब भारतीय जनता पार्टी की युवा ब्रिगेड के हवाले होगा। जिस भी जिले में कोई अधिकारी लापरवाही बरतेगा या योजना को सिरे चढ़ाने में कोताही बरतेगा, सीधे रिपोर्ट सीएमओ में होगी। हर दिन की खबर युवा मोर्चा सीधे सीएम को करेगा। पत्र लिखकर पूरी जानकारी पहुंचाई जा सकेगी। एेसा माना जा रहा है कि कुछ अफसर या कर्मचारी इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने में अड़चन बन सकते हैं। सीएम मनोहर लाल ने हिसार के रोड शो के ठीक बाद चंडीगढ़ स्थित निवास पर प्रदेशभर के सभी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की बैठक ली। इसमें योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से लिखित सुझाव मांगे हैं, ताकि योजना बनाई जा सकें।
शिव धाम के बिना न रहे कोई गांव : सीएम ने युवा जिलाध्यक्षों से कहा कि प्रदेश के हर गांव में शिव धाम बनाए जाने हैं। कोई भी गांव शिव धाम के बिना न रहे। हर जगह सुनिश्चित किया जाए कि श्मशान घाट तक पक्का रास्ता हो और शेड बना हो।