फ्रेंडली बायलॉज के लिए अलॉटीज करेंगे प्रदर्शन
हर बार जरूरत के मुताबिक जो बदलाव चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अलॉटीज ने अपने मकानों में किए हैं उनकी फाइनल अप्रूवल बिल्डिंग बायलॉज में आकर फंस जाती है। प्रशासन इन अलॉटीज को राहत देने के लिए फैसला लेता है और बोर्ड नीड बेस्ड चेंजेज को रेगुलराइज करने के लिए फाइल भी आगे भेजता है। लेकिन बिल्डिंग बायलॉज में जिन बदलावों को मंजूरी ही नहीं तो उनको फिर से वाॅयलेशन में रख दिया जाता है।
हालांकि 9 अप्रैल को सीएचबी ऑफिसर्स और अलॉटियों की मीटिंग मेंबर ऑफ पार्लियामेंट किरण खेर की प्रमुखता में हुई थी और इसमें जरूरत के मुताबिक किए गए बदलावों को वन टाइम सेटलमेंट करने को कहा गया था। लेकिन बिल्डिंग बायलॉज के चलते इस बार भी अलॉटीज की मांगें पूरी न हो इसके लिए अब पीपल फ्रेंडली बायलॉज बनाने के लिए अब अलॉटी आगे आएंगे।
हर महीने शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा प्रदर्शन...
इसके लिए फैसला किया गया है कि हर महीने शांतिपूर्ण तरीके से इक्ट्ठा होकर अलॉटी अपनी मांगों का समर्थन करेंगे। इसके लिए शुरुआत आज से की जा रही है। रविवार को धनास में सीएचबी अलॉटी इक्ट्ठा होंगे और वहां पर अपनी मांगों को लेकर राजनीतिक दलों के लीडर्स को भी बुलाया गया है। सीएचबी रेजिडेंट्स वेलफेयर फेडरेशन के चेयरमैन निर्मल दत्त ने कहा कि जब तक नए बिल्डिंग बायलॉज नहीं बनते तब तक नीड बेस्ड चेंजेज को रेगुलराइज करना मुश्किल होगा। इसके लिए धनास में रविवार को लोग इक्ट्ठे होंगे जिसमें बसपा, सीपीआई(एम), सीपीआई(एमएल), एसएडी, कांग्रेस चंडीगढ़ प्रेसिडेंट, बीजेपी जनरल सेक्रेटरी व अन्य संस्थाओं से भी पदाधिकारी इन अलॉटियों की मांगों के समर्थन में यहां शामिल होंगे।