मदद एप से यात्रियों व रेल कर्मचारियों की हर मुश्किल का होगा समाधान
चंडीगढ़ | रेल यात्रियों की हर तरह की शिकायतें अब एक मोबाइल एप के माध्यम से दूर होंगी। रेल कर्मियों को भी अपनी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए रेल मंत्रालय 2 अलग-अलग एप तैयार करवा रहा है। यात्रियों की शिकायत के लिए मदद (मोबाइल एप्लीकेशन फॉर डिजायर्ड हेल्प ड्यूरिंग ट्रैवल) एप, जबकि कर्मचारी शिकायतों के लिए ‘रेलकर्मी’ एप की तैयारियां जोरों पर हैं। दोनों को 1 मई को लॉन्च किया जा सकता है। मदद एप पर यात्री खराब खाने, गंदे कंबल-चादर या बदबूदार टाॅयलेट के अलावा असुरक्षा संबंधी शिकायतें भी कर सकेंगे। एप पर दर्ज की गई शिकायत सीधे संबंधित डिवीजन के सक्षम अधिकारी तक पहुंचेगी। इसी के साथ यात्री को तत्काल शिकायत दर्ज होने व समाधान संबंधी उपाय के बारे में संदेश प्राप्त होंगे।