- Hindi News
- National
- ध्रुव शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, गोयल भटेजा ने एयरटेल को हराया
ध्रुव शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, गोयल भटेजा ने एयरटेल को हराया
चंडीगढ़ | गोयल भटेजा एंड कंपनी की ओर से करवाए जा रहे तीसरे ध्रुव शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की रविवार से शुरुआत हुई। पहले मुकाबले में मेजबान गोयल भटेजा टीम ने एयरटेल को 7 विकेट से हराया। एयरटेल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। एयरटेल ने 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। उनकी ओर से राजीव ने 28 और मनोज ने 26 रन बनाए। गोयल-भटेजा टीम की ओर से अभिषेक भटेजा ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए। संदेश और विशाल को भी 3-3 विकेट मिले। जवाब में गोयल-भटेजा ने लक्ष्य को 16.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। उनकी ओर से सौरव ने 58 रनों की पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दक्ष, अक्षत, पंकज, सिया और खुशी ने जीता लोकल ओपन टेनिस टूर्नामेंट
चंडीगढ़ | सनराइज टेनिस अकेडमी की ओर से करवाए जा रहे लोकल ओपन टेनिस टूर्नामेंट में दक्ष खोखर, अक्षत ढुल्ल, पंकज कुमार, सिया महाजन और खुशी शर्मा ने अलग-अलग कैटेगरी के खिताब अपने नाम किए। बॉयज एंड गर्ल्स अंडर-10 के फाइनल में दक्ष खोखर ने कनव बंसल को 6-0 के अंतर से हराकर टाइटल जीता। इसके अलावा बॉयज अंडर-12 के फाइनल में अक्षत ढुल्ल ने अद्वित तिवारी को 6-0 के अंतर से मात दी। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में यशदीश को 5-3 से हराया जबकि अद्वित तिवारी ने आर्यन महाजन को 5-3 के अंतर से मात दी थी। बॉयज अंडर-14 के फाइनल में पंकज कुमार ने ध्रुव प्रताप सिंह को 6-0 के अंतर से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, गर्ल्स अंडर-12 के फाइनल में सिया महाजन ने अजेनिका को 6-2 के अंतर से हराया। इससे पहले सिया ने सेमीफाइनल में निहारिका मौदगिल को 5-0 से हराया था जबकि अजेनिका ने कनिष्का को 5-1 के अंतर से मात दी थी। वहीं, गर्ल्स अंडर-14 के फाइनल में खुशी शर्मा ने सहज कौर को 6-3 के अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
फैमिली कप क्रिकेट टूर्नामेंट मावी प्रॉपर्टीज ने हासिल की जीत
चंडीगढ़ | पहले फैमिली कप क्रिकेट टूर्नामेंट के एक लीग मुकाबले में रविवार को मावी प्रॉपर्टीज ने दक्ष इंटरप्राइजिस को 5 विकेट से हराया। दक्ष इंटरप्राइजिस ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। उन्होंने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। प्रदीप ने 49 रनों की पारी खेली। वहीं, मावी प्रॉपर्टीज से संजय छेत्री ने महज 11 रन देकर 4 विकेट झटके। जवाब में मावी प्रॉपर्टीज ने लक्ष्य को 19.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। उनकी ओर से संदीप ने 37 रनों की पारी खेली जबकि देव ने 27 रन बनाए। संजय छेत्री को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।