आरटीआई एक्टिविस्ट के खिलाफ चालान तैयार, अब चलेगा एक्सटॉर्शन का केस
दूसरों का करप्शन बेनकाब करने के लिए अब तक 50 से ऊपर आरटीआई एजुकेशन विभाग के खिलाफ डालने वाले जिस बठिंडा निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट गुरदेव सिंह को पुलिस ने 18 मार्च को दबोचा था। उसके खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है और लीगल विभाग से भी मंजूरी मिल गई है। इसी हफ्ते आरोपी के खिलाफ पुलिस चार्जशीट दायर करेगी। आरोपी गुरदेव सिंह को पंजाब के इंफरमेशन कमिश्नर एसएस चन्नी की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सरकारी स्कूल के जिस प्रिंसिपल को ब्लैकमेल कर आरोपी ने 10 हजार रुपए लिए थे। पुलिस ने आरोपी पर ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन का केस दर्ज किया था। आरोपी पर एक्सटॉर्शन एक्ट के तहत चार्जशीट दायर की जा रही है।
दरअसल आरोपी गुरदेव सिंह ने बठिंडा डिस्ट्रिक्ट के एजुकेशन विभाग के कर्मियों और टीचरों के खिलाफ करीब 56 आरटीआई मांग रखी थी। जिसमें एक आरटीआई थी बठिंडा के नंदीकला गांव के गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल की,जिसमें पार्टी बनाया गया था स्कूल प्रिंसिपल प्रीत्तम सिंह को। प्रीत्तम सिंह के मुताबिक वर्ष 2013 में रिटायर हुए एक टीचर को बकाया राशि अदा करने के आदेश कोर्ट ने दिए थे। जिससे स्कूल फंड से 81 हजार 81 रुपए अदा इस रिटायर टीचर को दिए गए। पैसे स्कूल फंड से दिए गए। जबकि फंड का पैसा वापस देने के लिए एजुकेशन विभाग को चिट्ठी लिखी गई। वह चिट्ठी मिसिंग हो गई,जिस कारण स्कूल को पैसा वापस न आया, और न जारी हुआ। जबकि आरोपी आरटीआई एक्टिविस्ट गुरदेव सिंह प्रिंसिपल को कहता रहा कि उसने पैसों का गबन किया है और वह फंसेगा। इसी संबंध में उसने पहले एजुकेशन विभाग के आरटीआई ऑफिसर से जानकारी मांगी,जब उसे मिसिंग कागज के बारे में बताया गया,तो उसने पंजाब के इंफरमेशन कमिश्नर से अपील की।
ऐसे हुआ हुआ था बेनकाब... गुरदेव की अपील के संबंध में सेक्टर 16 स्थित पंजाब के चीफ इंफरमेशन कमिश्नर एस एस चन्नी की तरफ से प्रिंसिपल प्रीतम और गुरदेव दोनों को बुलाया था। सुनवाई से पहले गुरदेव कैंटीन में प्रीतम से मिला और कहा कि वह 10 हजार रुपये अदा कर दे। जिसके बाद वह अपनी अपील वापस ले लेगा। इस पर प्रिंसिपल पैसा एटीएम से निकलवाने का बहाना लगाकर गया,और 2 हजार के पांच नोटों की फोटोस्टेट करवाकर प्रीतम आया और उसने आरोपी गुरदेव को पैसा दे दिया। पैसा लेने के बाद जब कोर्ट में गुरदेव गया,तो उसने कहा कि वह अपनी अपील वापस ले रहा है और अब वह संतुष्ट है,पिछले जवाब से ही। इस पर प्रिंसिपल प्रीतम खड़े हुए और उन्होंने कहा कि इन्होंने 10 हजार लिए हैं उनसे ब्लैकमेलिंग कर। इसलिए अब पिछले जवाब से ही संतुष्ट हैं। प्रीतम ने कहा कि आरोपी के पास जो काला बैग है,उसमें 10 हजार है। जबकि इन 2 हजार के पांच नोटों की तस्वीर उनके पास मौजूद है। इस पर जब आरोपी के बैग की तलाशी ली गई,तो पैसा बैग से बरामद हो गया। इसके बाद चीफ इंफरमेशन कमिश्नर एस एस चन्नी ने मौके पर थाना 17 पुलिस बुलाई। जिन्होंने मौके पर पहुंच आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।