पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 600 वाहन खरीदेंगे, 15 मिनट में घटनास्थल पर पहंुचेगी पुलिस

600 वाहन खरीदेंगे, 15 मिनट में घटनास्थल पर पहंुचेगी पुलिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश में पिछले एक साल में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों को कम करने के लिए प्रदेश सरकार अप्रैल में कई और बड़े फैसले ले सकती है। कानून व्यवस्था को और मजबूत करने व पीड़ितों को 15 मिनिट में सहायता पहुंचाने के लिए 600 वाहन खरीदे जाएंगे। ये वाहन हरियाणा पुलिस को मिलेंगे। सभी जिलों में इन्हें पुलिस को दिया जाएगा। दुर्गा शक्ति बल बनने के बाद महिलाओं की सुरक्षा और भी बढ़ जाएगी। सरकार इसी माह महिला सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले ले सकती है। इसके लिए सीएमओ से लेकर विभागों तक मंथन किया जा रहा है। करीब 1000 महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा रही है। जबकि महिला थानों में कार्यरत पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग आदि देकर दक्ष बनाया जाएगा। 450 सेवानिवृत्त आईओ जल्द महिला पुलिस कर्मियों को कानून की बारीकियां बताएंगे। डीजीपी बीएस संधू का कहना है कि वाहन खरीद काे कमेटी गठित कर दी है।

महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता : लड़कियों को स्कूल या कॉलेज तक पहुंचाने के लिए जिन वाहनों को आउटसोर्सिंग के तहत लिया जाएगा, उन वाहनों के लिए महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यह महिलाएं संबंधित गांवों से ही होंगी। क्योंकि महिलाएं गांव की बेटियों की सुरक्षा आदि का जिम्मा सही तरीके से उठा सकेंगी।

भास्कर ने उठाया मुद्दा, प्रदेश सरकार ने कहा- महिलाओं को दिक्कत नहीं होगी

दैनिक भास्कर ने महिला थानों को लेकर 16 अप्रैल को प्रकाशित खबर में मुद्दा उठाया था, इसके बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लिया और महिला सुरक्षा को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। महिला थानों में जो भी दिक्कतें हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

बड़ा कारण, 9 माह में 9196 केस दर्ज

एक अप्रैल 2017 से 31 जनवरी 2018 तक प्रदेश में महिला अपराध से संबंधित 9196 केस दर्ज किए गए हैं। इनमें दहेज हत्या 205, दुष्कर्म 1016, पलायन में दुष्कर्म 131, दुष्कर्म की कोशिश 155, छेड़छाड़ 2041, छेड़खानी 264, अपहरण 2495, दहेज उत्पीड़न 2735, तेजाब से हमला सात, महिलाओं की तस्करी 13, अनैतिक व्यापार 68, प्रसव पूर्व लिंग जांच प्रतिषेध अधिनियम 49, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के तहत 17 केस दर्ज हुए। एक अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2017 तक 9499 केस दर्ज किए गए थे।

थानों में यह दिक्कत : अभी तक महिला थानों में कंप्यूटर, वाहन व स्टाफ आदि की दिक्कत आ रही थी। कई थानों में महिला पुलिस कर्मियों की कमी भी आड़े आई थी। यही नहीं कुछ महिला पुलिस कर्मियों को आपराधिक घटनाओं की बारीकियों तक जाने में दिक्कत थी। अब प्रदेश में 450 ऐसे आईओ की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी जो अपने कार्य में पूरी तरह से दक्ष रहे हैं। यही नहीं उनके खिलाफ कोई बड़ा आरोप भी नहीं रहा।

महिला थानों पर पूरा ध्यान : खट्‌टर

महिला पुलिस थानों की ओर सरकार का पूरा ध्यान है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। 600 वाहन जल्द हरियाणा पुलिस को सरकार देगी, ताकि 15 मिनट में किसी भी पीड़ित को पुलिस मदद कर सके। थानों में जिस भी तरह की कमी है, उसे जल्द ही दूर कर दिया जाएगा। -मनोहर लाल, सीएम, हरियाणा।

खबरें और भी हैं...