- Hindi News
- National
- एटीएम मशीन के नंबरिंग पेड पर पिन फंसाकर लोगों को ठगने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
एटीएम मशीन के नंबरिंग पेड पर पिन फंसाकर लोगों को ठगने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ | सेक्टर 19 के कैनरा बैंक की एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले एक आरोपी को सेक्टर 19 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के रहने वाले अफरोज आलम के रूप में हुई है। अफरोज को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। इस मामले में पुलिस को एक अन्य आरोपी की भी तलाश है। आरोपी शादीशुदा है और कोई काम नहीं करता है। उसका घर ठगी से ही चलता है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिर्फ ठगी करने के लिए ही चंडीगढ़ आता था।
सेक्टर 19 के कैनरा बैंक के एटीएम में से लगातार शिकायतें आ रही थी कि लोगों के अकाउंट से रुपए विड्रा हो रहे हैं। हालांकि उन्हें मिलते नहीं हैं। पुलिस के पास कुल 5 शिकायतें आ चुकी थी।
इस तरह पकड़ा गया : घटना मंगलवार की है जब अफरोज ठगी करने एटीएम आया। यहां पर बैंक स्टाफ पहले से ही किसी काम के चलते एटीएम में मौजूद था। बैंक स्टाफ ने देखा कि अफरोज कुछ कर नहीं रहा और एक बार एटीएम के अंदर जाने के बाद बाहर बैठ गया है। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने ठगी करने वाले शख्स की फोटो फुटेज से चेक की जिसके आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया। बैंक के चीफ मैनेजर अशोक सिन्हा की शिकायत पर एफआईआर रजिस्टर कर जांच शुरू कर दी गई।
ऐसे करता था ठगी: आरोपी कैनरा बैंक के ही एटीएम से ठगी करता था। इस एटीएम पर पुराने टाइम की मशीन है। आरोपी जब कोई एटीएम के अंदर होता था तब वह अंदर जाते थे। एटीएम में नंबरिंग पैड पर जीरो नंबर पर चिप लगा देते थे। हर शख्स जब भी विड्रा करवाता तो उसे जीरो जरूर भरना होता। कम लोगों के पिन कोड नंबर में जीरो होता है। जैसे ही कोई रुपए भरता तो जीरो होने के चलते रुपए नहीं निकलते थे और वह बाहर चला जाता था। फिर आरोपी अंदर जाकर जीरो नंबर से चिप हटाकर पैसे निकलवा लेता।
35 हजार ठगने के मामले में हुआ केस दर्ज
चीफ मैनेजर द्वारा दी शिकायत के आधार पर आरोपी ने एटीएम से धोखा देकर 35 हजार की ठगी की थी। सेक्टर 19 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस जल्द ही आरोपी को दूसरे आरोपी की तलाश करने के लिए दिल्ली साथ रेड पर ले जाने की तैयारी कर रही है।