किसी काम से अपने पैतृक गांव गई 78 साल की बुजुर्ग के घर से नकदी और गहने चोरी हो गए। मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग के घर में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में यूटी पुलिस लगी हुई है। हालांकि अभी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। बुजुर्ग के घर से 95 हजार रुपए कैश, 10 सोने की अंगूठियां, एक डायमंड रिंग, एक सोने की चूड़ी, 2 सोने की चेन, 1 जोड़े चांदी की पायल, 2 जोड़ो सोने के ईयरिंग और कुछ गोल्ड मेडल चोरी हुए हैं। 78 साल की बुजुर्ग जागीर कौर सेक्टर-35 में रहती है। उनके पति विदेश में रहते हैं। बुजुर्ग 9 मई को किसी काम के चलते रोपड़ के पास अपने गांव में गई हुई थी। वीरवार सुबह बुजुर्ग को उनके घर के पास रहने वाली महिला ने फोन कर जानकारी दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। इस पर बुजुर्ग चंडीगढ़ पहुंची और सूचना पुलिस को दी। फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लिए। वहीं बुजुर्ग ने बाद में सामान देखकर उसकी लिस्ट पुलिस को दी।