अमृतसर . 2019 में भारत समेत दुनिया के दूसरे मुल्कों में भी श्री गुरु नानक देव जी 550वां पावन प्रकाश पर्व श्रद्धा तथा उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पाकिस्तान में इसे शांति और आपसी सद्भाव के रूप में मनाया जाएगा। यह फैसला दोनों ही मुल्कों के अमन के पैरोकारों ने लाहौर में हुई बैठक में लिया।
पाकिस्तानी महिला मानवाधिकार कार्यकर्ता असमां जहांगीर तथा रंगकर्मी मदीहा गौहर को श्रद्धांजलि भेंट करने के लिए भारत की तरफ से एक शिष्टमंडल गया था, जिसमें वरिष्ठ नाटककार तथा विरसा विहार के प्रधान केवल धालीवाल, जनरल सेक्रेटरी तथा फोकलोर रिसर्च अकादमी के प्रधान रमेश यादव समेत दिल्ली, चंडीगढ़ और हैदराबाद के लोग शामिल थे। इन्होंने पहले मदीहा के परिवार वालों से मिलकर उनको श्रद्धांजलि भेंट की और फिर असमां के परिवार वालों के साथ सहानुभूति जताई और उन पर लिखी किताब को समर्पित किया। दोनों तरफ के लोगों ने कहा कि इन दोनों महिलाओं के मिशन को मिलकर आगे बढ़ाया जाएगा।
बुल्ले शाह के मेले पर भी चर्चा
ननकाना साहिब में गुरु नानक का प्रकाश पर्व मनाने के अलावा बुल्ले शाह की दरगाह पर लगने वाले मेले पर बातचीत हुई। इस बैठक में सभी नेताओं ने कश्मीर मुद्दे को हल करने तथा दोनों तरफ से होने वाली गोलाबारी बंद करने की बात कही।