चंडीगढ़ | हरियाणा सिविल सर्विसिस (एचसीएस) ज्युडीशियल ब्रांच के पेपर लीक मामले में सोमवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने जिला अदालत के दो फैसलों के खिलाफ न्यायिक स्तर पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दस्तक दी। मामले पर बुधवार को फुल बेंच के समक्ष ही सुनवाई होने की संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर प्रशासन की तरफ से मांग की गई कि इस मामले से जुड़े केस फुल बेंच को ही ट्रांसफर किए जाएं। साथ ही जिला अदालत के 22 फरवरी को सीआरपीसी 164 के तहत छह गवाहों के बयान और 10 अप्रैल को एसआईटी मैंबर्स की कॉल डिटेल्स प्रिजर्व कराने संबंधी फैसलों के खिलाफ अपील दायर कर इन्हें खारिज किए जाने की मांग की गई है। फुल बेंच ने कहा था कि यह समझने की जरूरत है कि जांच के जारी रहते मजिस्ट्रेट के सामने सील कवर मे रखे छह गवाहों के बयान आरोपियों को कैसे मुहैया करवा दिए गए। यही नहीं यह पहला मामला है जहां एसआईटी अधिकारों की कॉल डिटेल्स प्रिजर्व कराई गई हैं। ऐसा लगता है पुलिस आरोपी और आरोपी पुलिस की भूमिका में है।