पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पंजाबी सिंघम लॉन्च हाेने की खबरों के बाद से मांग रहे थे 25 लाख, दो अरेस्ट

पंजाबी सिंघम लॉन्च हाेने की खबरों के बाद से मांग रहे थे 25 लाख, दो अरेस्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मनोज जोशी/विनीत राणा | मोहाली

पंजाबी सिंगर, डायरेक्टर व एक्टर परमीश वर्मा पर शुक्रवार देर रात गोली चलाने वाले गैंगस्टर दलप्रीत सिंह के दो साथियों को मोहाली पुलिस ने पकड़ लिया है। उनमें से एक की पहचान बद्दी के गांव भुल्लरवालां के रहने वाला हरविंदर सिंह हैप्पी और दूसरे को अमृतसर पुलिस ने पकड़ा है जिसकी पहचान भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा व डॉन के रूप में हुई है। वहीं सामने आ रहा है कि परमीश वर्मा से गैंगस्टर 25 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे। सूत्रों के अनुसार परमीश ने इसकी जानकारी पुलिस को भी दी हुई थी। पुलिस की ओर से कहा गया था कि इसमें संपत नेहरा गैंग हो सकता है। वहीं अमृतसर पुलिस ने भिंदा के पकड़ने की सूचना मोहाली पुलिस को दे दी है। इसको अब मोहाली पुलिस यहां पर लेकर आ रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी हरविंदर सिंह हैप्पी को कोर्ट में पेशकर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है और उससे सीआईए में पूछताछ की जा रही है।

फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन परमीश और उनके दोस्त कुलवंत सिंह चहल की हालत में सुधार है। गोली से हुए हमले के बाद परमीश और चहल का इलाज रविवार को अस्पताल में चला। दोनों की हालत को लेकर फोर्टिस की ओर से बताया गया है कि दोनों अब ठीक हैं और खाना भी खा रहे हैं। परमीश का दोस्त सत्ता उसके साथ है और परमीश के खाने पीने का ध्यान भी रख रहा है। उधर रविवार को भी अस्पताल में उनका हाल जानने के लिए बाहर फैन खड़े थे और अंदर पंजाबी सिंगर व कलाकारों का तांता लगा हुआ था।

पंजाबी सिंघम फिल्म में परमीश वर्मा थे लीड रोल में

परमीश काे उसका दोस्त सत्ता खाना खिलाते हुए।

करनाल से 15 दिन पहले लूटी गई थी क्रेटा...

पुलिस सूत्रों की मानें तो सामने आ रहा है कि जिस गाड़ी में गैंगस्टर दलप्रीत सिंह अपने पांच अन्य गैंगस्टरों के साथ परमीश पर हमला करने आया था वह क्रेटा गाड़ी करनाल से लूटी हुई हो सकती है। क्योंकि करीब 15 दिन पहले करनाल के पास से गन पॉइंट पर एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी लूटी गई थी। अब इस मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

कुछ दिन पहले भी चंडीगढ़ में थे गैंगस्टर...

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले गैंगस्टर दलप्रीत सिंह धाहा व संपत नेहरा की चंडीगढ़ आने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। इसको लेकर चंडीगढ़ के साथ-साथ मोहाली में हाईअलर्ट रहा था और पुलिस ने नाकाबंदी की थी। मोहाली पुलिस ने तो पूरे शहर को सील कर नाकों पर बैरिकेडिंग की हुई थी। लेकिन गैंगस्टर मोहाली पुलिस के हाथ नहीं आ सके थे। चंडीगढ़ पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि उस दिन गैंगस्टर की लोकेशन सेक्टर-38 में कुछ समय के लिए आई थी।

अगले दिन भी पुलिस ने मौका-ए-वारदात से बरामद किए खोल... गायक परमीश वर्मा पर हुए हमले के बाद पुलिस बार-बार उस मौका-ए-वारदात का जायजा ले रही है। रविवार को पुलिस को मौका-ए-वारदात से सर्च करते हुए एक बोर .315 पिस्टल का खोल बरामद हुआ। घटनास्थल के पास रहने वाले लोगों की मानें तो घटना वाली रात को एक के बाद एक कई गोलियां चलने की आवाज उन्होंने सुनी थी।

भिंदा को दो दिन पहले कत्ल केस में गिरफ्तार किया गया था। उससे परमीश पर हुए हमले के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। भिंदा दिलप्रीत का नजदीकी है। इसलिए पुलिस अपने जांच में मोहाली हमले को भी शामिल कर रही है।

-परमपाल सिंह, एसएसपी अमृतसर

मोहाली पुलिस रविवार रात को आई थी उन्होंने गांव भुल्लरवालां के हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी बद्दी पुलिस को दी गई थी कि हमले को लेकर पूछताछ करनी है। इसलिए ले जाया जा रहा है।

-खजाना सिंह, डीएसपी बद्दी

सिंगर एंड एक्टर परमीश वर्मा पर गोली यूं ही नहीं चली थी। दरअसल परमीश वर्मा अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म सिंघम का सीक्वल पंजाबी में बनाने जा रहे थे। इस बारे में उनका करार हो चुका है और फिल्म को प्रोड्यूस अजय देवगन ने ही करना था। जबकि फिल्म में परमीश वर्मा लीड रोल करने जा रहे थे। इस फिल्म के बारे में खबरें सोशल मीडिया में जब आईं तो फिल्म का हिट होना लगभग तय माना जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक उसके बाद से परमीश वर्मा को लगातार फिरौती के लिए धमकियां मिल रही थीं। उससे गैंग 25 लाख की फिरौती मांग रहे थे। सूत्रों की मानें तो एक बड़े पुलिस अधिकारी को वारदात से कई दिन पहले ही परमीश ने इसकी जानकारी दी थी। तब उन्हें कहा गया था कि यह संपत नेहरा गैंग हो सकता है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा। जबकि ऐसा नहीं हुआ और फिरौती न मिलने के कारण ही परमीश पर हमला हुआ। आरोपियों ने जानबूझकर परमीश के पैर पर हिट किया, ताकि बाकी सिंगरों में भी डर पैदा किया जाए। सिर्फ परमीश ही नहीं, परमीश के साथ ही अपना कैरियर शुरू कर हिट हाेने वाले पंजाबी सिंगर को भी लगातार फिराैती के लिए धमकियां मिल रही हैं। अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस हमले के बाद से पंजाबी फिल्म एंड म्यूजिक इंडस्ट्री में फिरौती देने का सिलसिला शुरू हो सकता है।

धाहा के नजदीकियों पर सख्ती... अमृतसर पुलिस ने धाहा के खास भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा डोन को तीन दिन पहले एक कत्ल केस में पकड़ा था। दिलप्रीत व भिंदा ने मिलकर अमृतसर में एक कत्ल किया था। इसी केस में अमृतसर पुलिस ने भिंदा को पकड़ा है। जो वहां पर रिमांड पर है। अब भिंदा से परमीश पर हमले को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस धाहा के नजदीकियों पर शिकंजा कसके उस तक पहुंचने की कोशिश की रही है।

खबरें और भी हैं...