- Hindi News
- National
- कांग्रेस बोली सिद्धू का इस्तीफा देना नहीं बनता आप और अकाली दल ने लगाया बचाने का आरोप
कांग्रेस बोली- सिद्धू का इस्तीफा देना नहीं बनता आप और अकाली दल ने लगाया बचाने का आरोप
नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार के वकील की तरफ से रखे गए पक्ष को लेकर पंजाब सरकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा ने कहा कि जब पंजाब सरकार ने सेशन कोर्ट में और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में अपना वही स्टैंड रखा है तो सुप्रीम कोर्ट में अपना स्टैंड कैसे बदल सकती थी। ये कानून का मसला है जब अदालत में आवाज लगती है तो स्टेट वर्सेज नवजोत सिंह सिद्धू बुलाया जाता है। रही बात कैप्टन अमरिंदर सिंह की तो इस मामले पर सरकार का क्या बयान है और कैप्टन क्या कहना चाहते हैं ये तो खुद अमरिंदर सिंह ही साफ करेंगे। लेकिन विपक्ष जो राजनीति कर रहा है वो बिल्कुल गलत है। नवजोत सिंह सिद्धू एक बेहतरीन इंसान हैं हमारे साथी हैं और उनका इस्तीफा देना नहीं बनता है।
सिद्धू पर बढ़ा दबाव
नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जो पक्ष रखा है उसने नवजोत सिंह सिद्धू के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। एक और तो वो कानून के शिकंजे में और भी ज्यादा फंस चुके हैं और वहीं दूसरी और नैतिकता के आधार पर सिद्धू पर इस्तीफा देने का दबाव भी बढ़ गया है|
सिद्धू को मंत्री रहने का अधिकार नहीं : खैहरा
वहीं इस पूरे मामले पर पंजाब आम आदमी पार्टी की तरफ से दो अलग-अलग बयान सामने आए। पंजाब में आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर और नेता विपक्ष सुखपाल खैहरा ने बयान जारी कर कहा कि खुद पंजाब सरकार ही अब ये मानती है कि उनका मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू रोड रेज के मामले में दोषी है और उसे सजा होनी चाहिए। ऐसे में नवजोत सिंह सिद्धू को मंत्री के पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। सुखपाल खैहरा ने ये भी कहा कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने समानंतर खड़े होने वाले कांग्रेस पार्टी के नेताओं को खत्म करने में लगे हैं। पहले उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ का अपमान अपनी सिक्योरिटी से करवाया और अब नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार की तरफ से जो पक्ष रखा गया है वो नवजोत सिंह सिद्धू के पूरी तरह से खिलाफ है। वहीं आम आदमी पार्टी के पंजाब के सीनियर लीडर अमन अरोड़ा ने नवजोत सिंह सिद्धू को “गुड मैन इन रॉन्ग पार्टी” करार दिया और कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को खत्म करने के लिए पंजाब कांग्रेस के नेता और खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह ही पूरा जोर लगा रहे हैं।
सिद्धू सीएम बनने गए थे कांग्रेस में, अब कैप्टन से सहयोग की कर रहे उम्मीद : हरसिमरत
बठिंडा | केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में सीएम बनने के सपने लेकर गए थे और कैप्टन अमरिंदर सिंह की कुर्सी छीनने की कोशिश कर रहे थे। अब कैप्टन सरकार से सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं। कांग्रेस सिद्धू की किसी तरह की सहायता करती भी है तो उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और हाईकोर्ट उन्हें गुनाहगार साबित कर चुकी है। बीबी हरसिमरत अकाली दल की तलवंडी साबो में 14 अप्रैल को हो रही सियासी रैली से पहले शुक्रवार को बठिंडा में पत्रकारों से बात कर रही थीं। वह अकाली वर्करों से मिलीं व उन्हें रैली में पहुंचने के लिए प्रेरित किया। पंजाब में किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होने व इसमें केंद्र की तरफ से किसी तरह की सहायता करने के संबंध में उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट किसानों की बेहाल स्थिति को बेहतर कर सकती है। वह इस रिपोर्ट को लागू करवाने की पक्षधर हैं व इस बारे में वह केंद्र सरकार में संबंधित विभाग के मंत्री से भी बात कर चुकी हैं। केंद्र सरकार किसानों के हितों के लिए हरसंभव काम कर रही है।