राज्य में 20 अप्रैल से शुरू होगी ई-वे बिल प्रणाली: मनोहर लाल
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में इंट्रा-स्टेट योजना के अंतर्गत प्रदेश में 20 अप्रैल से माल वाहक वाहनों के सुगम आवागमन के लिए भी ई-वे बिल प्रणाली शुरू कर दी जाएगी।
शुक्रवार को फरीदाबाद में आबकारी एवं कराधान भवन के उद्घाटन के अवसर पर सीएम ने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में भी आबकारी एवं कराधान विभाग के नए भवनों के निर्माण का क्रम जारी रहेगा ताकि नागरिकों को सभी सेवाएं एक ही भवन में उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य प्रणालियों को सक्षम, सरल व पारदर्शी बनाने के लिए हरियाणा सरकार योजनाबद्ध रूप से ई-गवर्नेंस को विस्तार दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को पूर्ण रूप से भ्रष्टाचार मुक्त कार्य प्रणाली प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न ठोस कदम उठाए हैं। इस दिशा मे ई-गवर्नेंस को विस्तारित करना भी इस प्रक्रिया में शामिल है। सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग को विभिन्न सरकारी विभागों की कार्य प्रणाली का अहम अंग बनाने के लिए कार्य किया गया है। कार्य प्रणाली दक्ष व सक्षम होने के साथ-साथ नागरिकों के लिए सरल व सुलभ भी हो सकी हैं। सरकार द्वारा नागरिकों को दी जानी वाली विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता का विस्तार किया गया है।