- Hindi News
- National
- देवनारायण मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
देवनारायण मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
ग्राम खैरवाल में देव सेवा समिति के तत्वावधान में बुधवार को पांच दिवसीय मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई कलश एवं शोभायात्रा में जन सैलाब उमड़ा। बालाजी मंदिर पर गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पूजन हुआ। सरपंच सुंदर खैरवाल ने हरी झंडी दिखाकर कलश व शोभायात्रा को रवाना किया। बैंडबाजे के साथ लोग भारी संख्या में शोभायात्रा में रवाना हुए। महिलाएं रंग बिरंगे परिधान पहनी 1100 कलश लेकर मंगल गीत गाती चल रही थीं। जिससे वातावरण धर्ममय हो गया। गुलाब बाडी में सजी शिव पार्वती व राम दरबार आदि की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। वाहन में प्राण प्रतिष्ठा की सजी हुई मूर्तियां चल रही थीं। गली मोहल्लों से होती हुई शोभायात्रा प्रतिष्ठा स्थल देवनारायण मंदिर पहुंची, जहां आरती के बाद मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू हुआ। देव सेवा समिति के संयोजक बसंतीलाल गुर्जर ने बताया कि 18 से 22 अप्रैल तक प्रतिष्ठा कार्यक्रम चलेगा। नव निर्मित देवनारायण मंदिर में रिद्धि सिद्धि सहित गणेशजी, शिव परिवार, हनुमानजी, देवनारायण भगवान, साडू माता, सवाई भोज, भौंणाजी महाराज, काला-गौरा भैरव की मूर्तियों की स्थापना होगी। पांच कुंडीय रुद्र महायज्ञ होगा। 22 अप्रैल को समापन पर दिन में भंडारा व रात को सुड्डा दंगल होगा। जिसमें गंगापुर व लालसोट की पार्टियां भाग लेंगी। इस अवसर पर देव सेवा समिति संयोजक उम्मेदसिंह पटेल, बाबूलाल ठेकेदार, रामकरण गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, बलवीर सिंह पटेल, हरदेव सिंह पटेल, किशन पटेल, नाथूलाल गुर्जर, जगदीश गुर्जर, रामसिंह गुर्जर, रामफू ल गुर्जर, गुमानसिंह, सज्जनसिंह, संदीपसिंह खैरवाल, विक्रमसिंह, पिंटू मलारना सहित कई लोग मौजूद थे।
महिलाएं रंग-बिरंगे परिधानो के साथ 1100 कलश लेकर निकली, 22 अप्रैल तक चलेगा कार्यक्रम
चांदराना. ग्राम खैरवाल में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान निकाली कलश यात्रा में शामिल लोग।