चंदवा में नाले से युवक का शव बरामद
चंदवा | चंदवा थाना क्षेत्र के टुड़हामू गांव के परसही ढोढ़ानाला से शुक्रवार की दोपहर पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। मृत युवक की पहचान अंजुलेस बेक पिता अलोइस बेक के रूप में की गई है। मृतक के पिता उत्क्रमित उच्च विद्यालय बारी के प्राचार्य हैं। वे टुड़हामू के शिवाटोली में एक किराये के मकान में रहते हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि अंजुलेस गुरुवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे गुलेल लेकर घर से निकला था। इसके बाद देर रात तक वह घर नहीं लौटा। इससे परेशान परिजन रात में ही अपने सगे-संबंधियों के यहां उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह जब पुन: खोजबीन की गई तो उसका शव परसही ढोढ़ानाला में मिला। हालांकि, नाले में घुटना तक भी पानी नहीं है। पिता अलोइस बेक ने बताया कि अंजुलेस को मिरगी की बीमारी थी। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि खेल-खेल में अंजुलेस नाले तक पहुंचा होगा और फिर मिर्गी के दौरे पड़ने से वह पानी में डूब गया।