पेयजल समस्या से जूझ रहे अंबेडकर नगर के ग्रामीण
चंदवा पश्चिमी पंचायत के अंबेडकर नगर में पेयजल संकट गहराया हुआ है। लोग हॉस्पिटल और चेकनाका के पास लगे चापानल से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। ये चापाकल पिछले दो महीनों से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने इसे बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों से कई बार अनुरोध किया, लेकिन अब तक इसे बनाया नहीं गया है। इससे इस टोले में घोर जलसंकट उत्पन्न हो गया है।
इसकी सूचना मिलने पर रविवार को माकपा की टीम ने गांव का दौरा किया व ग्रामीणों से समस्या के बाबत जानकारी ली। अंतिम पायदान पर खड़े यहां के ग्रामीण रंग बहादुर राम, टुमा भुइयां, बिशुन भुइयां, सुनील भुइयां, सुकरी देवी, झालो देवी, लालो देवी, शांति देवी, आरती कुमारी, रानो कुमारी, पिंकी कुमारी, राजेश कुमार, रंगा राम, छोटू कुमार, सुरेश कुमार ने बताया कि हमलोगों को आज तक एक भी पीएम आवास नहीं दिया गया है। उज्ज्वला योजना से भी हमलोग महरूम हैं।
इस टोले में आज तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। बिजली का पोल खूंटा लगाया गया है, लेकिन लोग वर्षों से बिजली आने की राह तक रहे हैं। माकपा की टीम में शामिल पूर्व जिला सचिव अयूब खान, द्वारिका ठाकुर, बैजनाथ ठाकुर, अजीज अंसारी, निरंजन ठाकुर, प्रदीप ठाकुर ने कहा कि यह टोला पेयजल एवं स्वच्छता अवर प्रमंडल एवं प्रखंड कार्यालय चंदवा से एक सौ मीटर की दूरी पर बीआरसी से सटा है, लेकिन सरकारी मुलाजिमों को यहां के लोगों की समस्याएं नहीं दिखती। यहां करीब 30 घरों में भुइयां जाति लोग निवास करते हैं। मोटिया मजदूरी का कार्य कर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। सभी की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है और आवासों की स्थिति बद से बदतर है। माकपा ने इस टोले में सभी बुनियादी सुविधाएं बहाल कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने की मांग उपायुक्त से की है।
माकपा की टीम ने किया टोला का दौरा, उपायुक्त से बुनियादी सुविधा बहाल कराने की मांग
चंदवा के अंबेदकर नगर में खराब पड़े चापाकल का जायजा लेती माकपा की टीम।
अस्पताल के पास लगे चापाकल से पानी ढोती अंबेदकर नगर की महिलाएं।