चंदवा में बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर सरकारी लाभ दिलाने की मांग रखी
चंदवा प्रखंड के चंदवा पश्चिमी पंचायत के आंबेडकर नगर (भुइयां टोला) के ग्रामीणों ने मंगलवार को माकपा के पूर्व जिला सचिव अयूब खान के नेतृत्व में बीडीओ देवदत्त पाठक से मिलकर पीएम आवास, उज्जवला योजना बिजली आदि बुनियादी सुविधाओं की मांग की व संबंधित मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में कहा है कि हम सभी अत्यंत गरीब हैं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हैं। आज तक एक भी प्रधानमंत्री आवास हमलोगों को नहीं दिया गया है। उज्जवला योजना से भी हम ग्रामीण महरूम है। बिजली की सुविधा भी यहां नहीं है। सिर्फ विद्युत पोल लगाए गए हैं। वर्षों से बिजली की आस हम ग्रामीण देख रहे हैं। इस टोले में करीब 30 घरों में हम सभी भुइयां जाति के परिवार निवास करते हैं। मोटिया मजदूरी का कार्य कर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। सभी की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। आवासों की स्थिति बद से बदतर है। आवास की कमी के कारण रहने में हमसभी को काफी कठिनाई हो रही है। कई लोगों को इधर-उधर रहना पड़ रहा है। बुनियादी और सरकारी सुविधाओं से यह टोला आज तक वंचित है।
पीएम आवास व उज्जवला योजना का लाभ दिलाने, बिजली से टोला को जोडऩे समेत आदि सरकारी सुविधा देने की मांग की गई। इसपर बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया और उनसे कहा कि आंबेडकर नगर के सभी गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास व उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर गैस शीघ्र दिया जाएगा। बिजली के लिए विभाग को भी कहा गया है। बिजली से टोला को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा और भी सरकारी सुविधाएं देने का आश्वासन उन्होंने दिया है। बीडीओ से मिलनेवालों में अयूब खान के अलावा माकपा नेता निरंजन ठाकुर, ग्रामीण रंगबहादुर राम, टुमा भुइयां, बिशुन भुइयां, सुनील भुइयां, राजेश कुमार, रंगा राम, छोटू कुमार, सुरेश कुमार सहित कई लोग शामिल थे।
चंदवा बीडीओ को ज्ञापन सौंपते माकपा नेता व ग्रामीण।