मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान
चंदवा | चंदवा प्रखंड के पारा शिक्षकों की बैठक मध्य विद्यालय चंदवा में प्रखंड अध्यक्ष बेलाल अहमद की अध्यक्षता में बुधवार को हुई। बैठक में स्व. सुशील कुमार की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख गया। तत्पश्चात प्रदेश स्तरीय चल रहे पद यात्रा कार्यक्रम की समीक्षा की गई। गौरतलब हो कि प्रमंडल से पारा शिक्षक पदयात्रा निकालकर 23 अप्रैल को रांची में मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे। बैठक में कहा गया कि पारा शिक्षकों को मानदेय का कोई समय सीमा नहीं है। चार माह गुजर चुके, लेकिन अब तक मानदेय नहीं मिला है। पारा शिक्षक भुखमरी के कगार पर हैं। एक-एक करके पैसे के अभाव में पारा शिक्षक काल के गाल में समा रहे हैं। किसी को इसकी चिंता नहीं है। सरकार गहरी निद्रा में सोई है। सारा विभाग इस मामले में चुप है। इससे पारा शिक्षकों में आक्रोश है। सभी सरकार से आर-पार की लड़ाई लडऩे का मूड बना चुके हैं। बैठक में मुख्य रूप से सचिव गोविंदा कुमार, कोषाध्यक्ष जगदीश उरांव, संगठन मंत्री मनीष पांडेय, सत्यवान कुमार, बिगन राम, गंगेश्वर राम, वाल्मीकि मधुकर, दीपक कुमार, शंभू कुमार, चंद्रदेव सिंह, अभिमन्यु मेहता, मोहन कुमार सैकड़ों पारा शिक्षक उपस्थित थे।