ट्रिपल लोड बाइक अनियंत्रित हो पेड़ से टकराई, एक की मौत
चंदवा में मंगलवार की देर शाम रांची-मेदिनीनगर एनएच 39 पर एक ही बाइक (जेएच05एवाई-2423) पर सवार कमलेश उरांव, सुनील उरांव व सुभाष उरांव एक पेड़ से जा टकराए। इस दुर्घटना में कमलेश उरांव (छातासेमर) की मौत हो गई। जबकि, सुनील व सुभाष को सीएचसी में इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक लोग छातासेमर से बोरसीदाग जा रहे थे। इसी बीच यह घटना घटी। आसपास के लोगों द्वारा सभी घायलों को चंदवा अस्पताल लाया गया। गौरतलब हो कि चंदवा में सड़क दुर्घटना पर नियंत्रण करने के लिए न तो कोई प्रशासनिक पहल दिखाई पड़ रही है, न कोई सामाजिक संगठन आगे आया है और न ही प्रशासन इसपर गंभीर है।
नित्य दिन हो रही सड़क दुर्घटना में कई लोग असमय ही काल-कवलित हो रहे हैं। जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद अभी तक सड़क दुर्घटना रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उपायुक्त राजीव कुमार ने भी सड़क दुर्घटना पर चिंता जताई है, लेकिन उसे रोकने के लिए कोई कारगर पहल अब तक नहीं की गई है।