चंदवा | पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य सुरक्षा आयुक्त रवींद्र वर्मा व सहायक सुरक्षा आयुक्त ऋषि पांडेय शनिवार को टोरी जंंक्शन पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने नवनिर्मित आरपीएफ पोस्ट भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी विषय पर चर्चा की। रवींद्र वर्मा ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं टोरी-शिवपुर नई रेलवे लाइन में सुरक्षा संबंधी विषयों पर जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। हम सबों को इसे बखूबी निभाने का प्रयास करना चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरपीएफ बैरक एवं रेल थाना का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उनके पहुंचने पर आरपीएफ के अधिकारियों द्वारा उन्हें बुके देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम में जवानों को अपने हाथों से खाना परोस कर खिलाया। मौके पर पतरातू के इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सिंह, टोरी के प्रभारी इंस्पेक्टर निरंजन कुमार एवं बड़ी संख्या में आरपीएफ के जवान उपस्थित थे।