चंदवा | स्थानीय ख्रीस्त राजा उच्च विद्यालय के सभागार में शनिवार को उपविकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया, रोजगार सेवक व कनीय अभियंता के साथ बैठक की। इस बैठक में वर्षा जल के संचयन के लिए हर पंचायत में बांध-तालाब जीर्णोद्धार विषय पर पंचायतवार समीक्षा की गई। डीडीसी सिंह ने सभी पंचायतों के मुखिया को आदेश दिया है कि सभी गांव में कम से कम एक-एक तालाब व बांध जीर्णोद्धार के लिए रविवार को ग्रामसभा कर पंचायत के कार्यकारिणी से स्वीकृति लें और सोमवार से इस योजना को चालू करें। 15 जून तक हर हालत में योजना को पूर्ण करना है। वर्षा जल संचयन पर उन्होंने विशेष जोर दिया। इसके अलावे पेयजल आपूर्ति के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी देवदत्त पाठक, डीपीआरओ ज्ञानेश्वर शुक्ला, डीपीओ रितेश पांडेय, कनीय अभियंता महेंद्र सिंह, दिलीप कुमार सिंह, कृषि पदाधिकारी अरविंद पांडेय समेत बड़ी संख्या में पंचायत के मुखिया, जनप्रतिनिधि, रोजगार सेवक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।