चंदवाजी में बनेगा स्टेडियम, दिल्ली से आई टीम ने किया निरीक्षण
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में केंद्रीय खेल राज्यमंत्री व क्षेत्रीय सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलो इण्डिया के तहत खेल मैदानों को विकसित करने की योजना के अंतर्गत खेल मैदान पर ट्रेक एवं विभिन्न खेलों के मैदान तैयार करने खेल मैदान को स्टेडियम में परिवर्तन करने को लेकर मंगलवार को दिल्ली से टीम ने जायजा लिया।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) उपशाखा आमेर के अध्यक्ष मदन मीणा ने बताया कि डा.सतीश पुनिया की अनुशंसा पर दिल्ली से आई टीम में वास्केटबाल कोच वेदप्रकाश, हैंडबाल कोच सुरजीत सिंह, साइकिलिंग कोच आशकरण ने स्थानीय विद्यालय के खेल मैदान की महत्ता को देखते हुए अलग-अलग खेलों के मैदान तैयार करने का प्लान तैयार किया। टीम ने बताया कि यहां पर 400 मीटर का रेसिंग ट्रैक, वास्केटबॉल मैदान, वॉलीबॉल मैदान, हैंडबॉल मैदान के अलावा बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट, बाथरूम व चेंजिंग रूम आदि को बनाने का प्लान तैयार किया है। सरपंच प्रतिनिधि सुभाष मीणा ने टीम को खेल मैदान आदि का मौका मुआयना करवाया। वरिष्ठ नेता भगवतशरण ताम्बी, मुकेश मिश्रा, सूरज मीणा, रामचंद्र मीणा, जगन्नाथ यादव, शंकर लाल मीणा, रामशरण भार्गव, महेश जांगल, रोहिताश गुर्जर आदि उपस्थित रहे।