लुंडरी में महिला समूह का दूसरा वार्षिकोत्सव मना
चान्हो | लुंडरी पंचायत सचिवालय में सोमवार को प्रकाश महिला ग्राम संगठन का दूसरा वार्षिकोत्सव मनाया गया। प्रमुख भोला उरांव, जिपस हेमलता उरांव, मुखिया नीलम उरांव, उप मुखिया सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व महिला समूह के लोग उपस्थित थे। हेमलता उरांव ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका होती है। अपने परिश्रम व लगन के बल पर महिलाएं घर से लेकर देश को सफलता पूर्वक चला रही है। गांव-गांव में महिला समूह के माध्यम से छोटे-छोटे कार्य कर महिलाएं स्वावलंबी बन रही हैं, जो भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। वहीं, भोला उरांव ने महिला समूह के सदस्यों को अच्छे काम के लिए शुभकामनाएं दी। मौके पर प्रदीप साहू, अमन कुमार, सुमित्रा देवी, आशा देवी, शिला उरांव, मदन साहू सहित अन्य उपस्थित थे।