विधायक गंगोत्री कुजूर ने शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र मांडर विधानसभा की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। धुर्वा स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में उन्होंने सीएम रघुवर दास को पानी, बिजली व सड़क से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। कहा कि बेड़ो प्रखंड में एनएच-23 केशा मोड़ से मांडर रोड का निर्माण तीन साल पहले हो चुका है, लेकिन तीन किलोमीटर चिनारो पुरयो व चनगनी के बीच कार्य अधूरा है। इसे जल्द पूरा कराया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक बेड़ो के एनएच-23 में पुरनापानी से लापुंग प्रखंड मुख्यालय तक 25 किमी जर्जर सड़क और चान्हो में एनएच-75 से शिलागाईं होते हुए बेड़ो एनएच-23 तक करीब 30 किमी सड़क की जल्द मरम्मत व चौड़ीकरण कराने के लिए पथ निर्माण विभाग के सचिव से मिलीं। साथ ही उन्होंने छह माह से बंद पड़े बीजूपाड़ा-खलारी रोड के मामले को भी रखा। कहा कि काम रुक जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस पर पथ सचिव ने बताया कि बीजूपाड़ा-खलारी रोड का काम शुरू करने के लिए एजेंसी को आदेश दे दिया गया है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। विधायक ने क्षेत्र में बने दो महिला कॉलेजों व हेशमी गांव में 5 साल पूर्व बने पोलिटेक्निक कॉलेज को यथाशीघ्र शुरू करने के लिए विभागीय अफसरों के साथ विचार-विमर्श किया। कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने कई विभागों के सचिवों से मिलकर भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया।