सूख चुका पेड़ स्कूल के शौचालय से टिका, काटने की मांग की गई
चारामा। शौचालय की दीवार से टिका हुआ महुआ का सूखा पेड़।
भास्कर न्यूज|चारामा
नगर के बाजार पारा के प्राथमिक शाला के शौचालय के पास महुआ का पेड़ था, जो अब सूख जाने के चलते पूरी तरह से शौचालय से टिक गया है। तेज आंधी-तूफान के चलते यह कभी भी गिर सकता है, जिससे जनहानि होने का अंदेशा बना हुआ है। इसे देखते हुए मोहल्लेवासी पिछले 5 साल से सूखे पेड़ को काटने कृषि उपज मंडी व वन विभाग को आवेदन दे रहे हैं लेकिन दोनों विभाग पेड़ हटाने रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
मोहल्लेवासियों ने कहा कि प्राथमिक शाला में 50 से अधिक बच्चे पढ़ने जाते हैं। स्कूल के पास ही 15 साल पुराना महुए का पेड़ पूरी तरह सूख चुका है। यह अब स्कूल के शौचालय की दीवार से टिक गया है। हवा तूफान आने से इसकी शाखाएं टूटकर गिरती रहती है। पेड़ कृषि उपज मंडी परिसर में लगी हुई है।
इसे देखते हुए 19 जनवरी को कृषि उपज मंडी व वन विभाग को पेड़ काटने ध्यानाकर्षण आवेदन दिया, लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके पहले 4 जून 2014 को पेड़ काटने के लिए आवेदन दिया गया था। दोनों विभाग अनहोनी का इंतजार करते बैठे हुए हैं। प्रधानपाठक एलके राव ने बताया पेड़ को हटाने के लिए कृषि उपज मंडी को 6 माह पूर्व मौखिक रूप से दो बार एवं 5 साल पूर्व लिखित में सूचना दे चुके हैं।