चोरों को रोका तो मुंह में कपड़ा ठूंसा, हाथ-पैर बांध पीटा और भाग गए
सिंगोली चारभुजा (भीलवाड़ा) | मोटरों का खेड़ा के मानगंज गांव में मंगलवार रात एक मकान में चोर घुसे। छत के रास्ते से चोर मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। खटपट सुनकर छत पर सो रहे युवक की नींद खुल गई। उसने ललकारा तो चार बदमाशों ने चारपाई पर युवक को उल्टा डालकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। बिजली की केबल से युवक की पिटाई शुरू कर दी। इससे युवक की पीठ पर चोटें आई। युवक के चिल्लाने पर कमरे में सो रहे परिजन छत पर पहुंचे तो बदमाश भाग गए।