- Hindi News
- National
- निर्माण मजदूर कारीगरों के लिए बने बोर्ड को खत्म करना चाहती है भाजपा: सुखबीर
निर्माण मजदूर कारीगरों के लिए बने बोर्ड को खत्म करना चाहती है भाजपा: सुखबीर
भवन निर्माण कामगार यूनियन की जनरल बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रधान सोमबीर की अध्यक्षता में रोज गार्डन परिसर में किया गया। मंच संचालन कोषाध्यक्ष जयभगवान ने किया। इस दौरान बतौर मुख्य वक्ता शिरकत करते हुए यूनियन राज्य महासचिव सुखबीर सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार निर्माण मजदूर कारीगरों के लिए बने बोर्ड को खत्म करना चाहती है। एक तरफ तो इस सरकार के मंत्री अखबारों के जरिए कामगारों के हकों की झूठी बयानबाजी कर रहे है जबकि सच्चाई यह है कि इस बोर्ड को गठित हुए आज लगभग 10 वर्ष हो चुके, लेकिन अभी तक 20
लाख निर्माण मजदूर कारीगरों में से केवल 7 लाख का पंजीकरण हो पाया है। बोर्ड में अभी तक 25 सौ करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। जिसमें से मात्र 350 करोड़ की राशि ही वितरित की गई है। श्रम मंत्री द्वारा दावे किए जा रहे हैं कि हमने निर्माण मजदूर कारीगरों को सबकुछ दे दिया। एक तरफ सरकार शादी से 3 दिन पहले कन्यादान देने की बात कहती है जबकि सच्चाई है कि धक्के खाने पर भी एक या दो साल तक ये राशि नहीं मिलती। सरकार आन लाईन के बहाने से निर्माण मजदूर कारीगरों को श्रम कल्याण बोर्ड से ही बाहर करना चाहती है। यूनियन जिला प्रधान अनिल
कुमार ने कहा कि बोर्ड के अधिकारियों ने 10 माह से पंजीकृत अधिकारियों की पासबुक तक नहीं जारी की है। जिला स्तर पर सहायक निदेशक की स्थाई नियुक्ति नहीं है जिसके चलते निर्माण मजदूरों के तमाम काम अटके पड़े है। अधिकारी पंजीकरण का नवीनीकरण व सुविधा फार्म जमा करवाने के लिए निर्माण मजदूरों को बुलाकर मानसिक व आर्थिक शोषण कर रहे हैं। इन सबको अधिक सहन नहीं किया जाएगा इसके विरोध में बड़े स्तर के आंदोलन के लिए 10 जून को भिवानी नगर में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन कर रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान बैठक में सीटू नेता करतार ग्रेवाल, यूनियन नेता अरविंद, जयभगवान, सतीश, लीलाराम, कामरेड रणधीर, दिनेश, रामनिवास, लक्ष्मण, सुरेंद्र ने भी विचार व्यक्त किए।