चरखी दादरी | वार्ड नंबर 19 में सोमवार को नागरिकों द्वारा स्वच्छता अभियान का संचालन किया गया। इसका नेतृत्व पूर्व चेयरमैन जगबीर सिंह ने किया। उनकी अगुवाई में नागरिकों ने वार्ड की साफ सफाई करते हुए कूड़ा कर्कट को एकत्रित किया व उसे नगर परिषद द्वारा उपलब्ध करवाए गए वाहन की सहायता से डंपिग प्वाइंट पर पहुंचाया। इसके साथ ही वार्ड की नालियों की सफाई करते हुए पानी की व्यवस्था को सुचारू किया गया। पूर्व चेयरमैन जगबीर ने कहा कि हम सभी को समझना चाहिए कि स्वच्छता का अर्थ सिर्फ अपने घरों या प्रतिष्ठानों की साफ सफाई भर नहीं है, बल्कि हमें इसे अपना नैतिक दायित्व मानते हुए अपने मोहल्ले, वार्ड, नगर को भी स्वच्छ रखने में सहयोग देना चाहिए। इससे यह स्थान सुंदर तो रहेंगे ही साथ में गंदगी के कारण होने वाले रोगों से भी हमें मुक्ति मिलेगी। अभियान में रामरति, पूनम, सरोज, भतेरी, गुड्डी, सविता, रामनिवास, कृष्ण शर्मा, लाला पंडित, नीरज, विनोद, सत्या देवी, प्रेम देवी, हरी सिंह का विशेष सहयोग रहा।