गांव भागवी के श्मशान घाट में कुछ ग्रामीणों द्वारा अपने पूर्वजों की याद के नाम पर बनाए गए अवैध चबूतरों को आखिरकार तोड़ दिया गया है। इस विषय में डाॅ. बीआर अंबेडकर युवा क्लब सदस्यों सहित ग्रामीणों द्वारा पिछले छह माह से लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसके बाद जिला उपायुक्त के आदेशों के बाद यह कदम उठाया गया। डाॅ. बीआर अंबेडकर युवा क्लब प्रधान सुमित कुमार ने बताया कि यह मामला 1 जनवरी से लगातार चला आ रहा था।
युवा क्लब के सदस्यों द्वारा इस विषय में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद इस विषय को सीएम विंडो में ले जाया गया। इसके बाद मामले पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस अवैध कब्जों को हटाने का आदेश पंचायत विभाग व जिला उपायुक्त को जारी कर दिए गए थे। इन आदेशों के तहत ही ग्राम सरपंच लोक राम एवं दोनों चौकीदारों बलबीर सिंह व चमनलाल की मौजूदगी में कार्रवाई करवाते हुए तोड़ा गया व अवैध कब्जों को हटवाया गया। इसके साथ ही सरपंच ने आश्वासन भी दिया है कि भविष्य में इस तरह का कोई भी कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। इस स्थान पर पार्क का निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ श्मशान घाट के अन्य कब्जों को हटवाया जाएगा व चारदीवारी का निर्माण भी करवाया जाएगा। क्लब सदस्य योगेश कुमार, सतेंद्र, रवि कुमार, बिजेंद्र, संगीत, उमेश, हरिओम गोलू, पंच राकेश, मोनू कुमार सहित अन्य नागरिकों ने आभार जताया है।
श्मशान घाट से अवैध चबूतरों को तोड़ते हुए।