चरखी दादरी | बुधवार देर रात गांव इमलोटा में चार युवकों ने एक घर में घुसकर कमरे का दरवाजा बंद कर परिजनों को अंदर रोक दिया और बुजुर्ग महिला को जान से मारने की धमकी देकर सोने के गहनों सहित नगदी लूट फरार हो गए। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीडितों की शिकायत पर अज्ञात चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव इमलोटा निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह बुधवार रात अपने मकान के चौबारे में सोया हुआ था और नीचे अकेली उसकी मां थी। रात करीब 2 बजे चार युवक उनके घर घुस आए और उन्होंने सबसे पहले चौबारे का दरवाजा बाहर से बंद कर उसे अंदर रोक दिया। जिसके बाद चारों ने नीचे आकर कमरे में रखी अलमारी से सामान निकालना शुरू कर दिया जिसकी आवाज सुनकर उसकी मां उठी तो एक युवक ने उसकी मां को गोली मारने की बात कहकर चुप करा दिया और तीन युवक कमरे में सामान खंगालते रहे। वारदात के दौरान लुटेरों ने एक सोने की चेन, 3 सोने की अंगूठी और अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। प्रदीप ने तुरंत इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी।