जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से चतरा मंडल कारा में महिला बंदियों और उनके साथ कारा में रह रहे बच्चों का दस दिवसीय कानूनी जागरूकता सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुवार को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ श्रीदत्त त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर प्राधिकार के सचिव चंदन, जेलर बीपी मंडल, महिला चिकित्सक डाॅ. रानी सोरेन एवं मनोचिकित्सक अमित कुमार मौजूद थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव चंदन ने बताया कि आरडी उपाध्याय बनाम आंध्र प्रदेश में सुप्रीम कोर्ट में सभी जेल में बंद महिला बंदियों और उसके बच्चों को कानून की जानकारी और प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का फैसला सुनाया है। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश अनुसार मंडल कारा में दस दिवसीय कार्यक्रम आयोजन किया गया है। इस दौरान महिला बंदियों और उनके बच्चों को कानून की जानकारी दी जाएगी। सोशल वेलफेयर स्कीम की जानकारी भी बंदियों को दिया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य की भी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।