परिवहन कार्यालय के द्वारा गुरुवार को शहर के पांच स्कूलों में सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई । इसमें स्कूली बच्चों को यातायात के नियम भी बताए गए। राज्य संपोषित बालक उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय, इंदुमती टिबड़ेवाल सरस्वती विद्या मंदिर, मध्य विद्यालय दीभा व मध्य विद्यालय गीता आश्रम में आयोजित सेमिनार में परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी डिपार्टमेंट के दीप प्रकाश सिन्हा, रजनीकांत पांडेय व कृष्ण माधव राय ने स्कूली बच्चों को रोड सेफ्टी की जानकारी दी।
बच्चों को बताया गया कि यदि उनके अभिभावक घर से बगैर हेलमेट लिए ही बाइक लेकर निकलते हैं तो उन्हें हेलमेट पहनने के लिए कहें। अभिभावकों को चार पहिए वाहन चलाने के दौरान सीट बेल्ट का प्रयोग करने के बारे में भी बताएं। सेमिनार में यह बताया गया कि अभिभावक अपने बच्चों की बात सबसे अधिक मानते हैं ।उनके द्वारा यदि अपने अभिभावकों को हेलमेट का प्रयोग करने व सीट बेल्ट का प्रयोग करने के बारे में कहा जाएगा तो वह इसके आदी हो जाएंगे। इससे सड़क दुर्घटना में कमी आएगी। बच्चों को सेमिनार के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग, फुटपाथ, रेड लाइट , ग्रीन लाइट आदि के बारे में भी बताया गया।