चतरा | स्थानीय कैथोलिक आश्रम में रविवार को संस्कार दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 70 बच्चों को प्रसाद खिलाकर संस्कार की दीक्षा दी गई। कैथोलिक आश्रम के पल्ली पुरोहित फादर नोबोर कुजूर ने बच्चों पर पवित्र जल छिड़कर उन्हें पहला परम प्रसाद ग्रहण कराया। इसके बाद मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फादर नोबोर कुजूर ने कहा कि संस्कार दीक्षा का यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष पास्का पर्व की समाप्ति के दूसरे रविवार को आयोजित किया जाता है । यह दया के पर्व के रूप में मनाया जाता है। इसे सफेद रविवार के रूप में भी मनाया जाता है। इससे पूर्व परम प्रसाद संस्कार में भाग लेने वाले बच्चे विधि विधान के साथ सफेद कपड़े व सफेद माला पहनकर तथा हाथों में मिठाई व पूजा के समान तथा मोमबत्ती लेकर जुलूस की शक्ल में चर्च में प्रवेश किया। उसके बाद संस्कार करने वाले बच्चे ईश्वर का निवेदन व पाठ पढ़ा तथा ईश्वर का धन्यवाद देते हुए परम प्रसाद ग्रहण किया।