झारखंड राज्य राजस्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर चतरा राजस्व कर्मचारी संघ शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। संघ के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों का बेसिक पे बैंड 5200-20200 में ग्रेड पे 2800 करने, राज्य सेवा प्रोटेक्शन एक्ट बनाने, जाति आय एवं आवासीय के कार्यों के निष्पादन के लिए लैपटॉप देने, राजस्व कार्य के लिए दो पहिया वाहन देने तथा वाहन भत्ता देने की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे । उन्होंने बताया कि हड़ताल के कारण पूरे जिले में राजस्व से संबंधित कोई भी कार्य नहीं हुआ। जिले के सभी राजस्व कर्मचारी मुस्तैदी से हड़ताल पर डटे रहे। उन्होंने कहा कि मांगों के समर्थन में 25 मई को समाहरणालय के पास एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने इस धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में जिले के सभी राजस्व कर्मचारियों को उपस्थित होने का आह्वान किया है।