मतदाता पुनरीक्षण का प्रशिक्षण देते एसडीओ व अन्य ।
भास्कर न्यूज |चतरा
नए परिसदन के सभागार में शनिवार को विशेष मतदाता पुनरीक्षण पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में बीडीओ और ग्राम पंचायत के पर्यवेक्षक (जीपीओ) मौजूद थे। इन्हें सिमरिया एसडीओ मुमताज अली अहमद ने मतदाता सूची में सुधार करने सहित कई अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। एसडीओ ने इन्हें बताया कि सभी मतदाताओं का सूची में फोटो रहना जरूरी है। सूची में 18 वर्ष पूरा करने वाले युवक-युवतियों का नाम जोड़ना है। ग्रामीण क्षेत्र के बूथ पर अधिकतम 12 सौ और शहरी क्षेत्र के बूथ पर अधिकतम 14 सौ वोटरों को शामिल किया जाना है। इसी अनुपात में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बूथों पर वोटरों को शामिल किया जाना है। किसी बूथ में यदि कम वोटर है, तो बगल के बूथ से वोटर को काट कर उसमें शामिल कराए। यदि दोनों बूथों में अधिक वोटर है, तो वहां तीसरी बूथ को बनवाएं। बीडीओ और ग्रामीण पंचायत पर्यवेक्षकों को यह भी बताया गया कि यहां से प्रशिक्षण लेकर अपने प्रखंडों के बीएलओ को प्रशिक्षण दे। बीएलओ को 21 मई को प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन करें। प्रशिक्षण देकर बीएलओ काे घर घर भेज कर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराएं । यह कार्य 23 मई से 25 जून तक हर हाल में पूरा करा लें।