चतरा कॉलेज में सोमवार को हिंदी विभाग के व्याख्याता प्रो. बालेश्वर राम ने आर्थिक रूप से कमजोर दो छात्राओं को मदद की। प्रो. राम ने हिंदी विभाग की एक छात्रा ममता कुमारी को एक लेडीज साइकिल दी। ममता सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह गांव की रहने वाली है ।वह प्रतिदिन गांव से पैदल ही कॉलेज आती थी। कॉलेज से घर की दूरी लगभग छह किलोमीटर है। ममता को प्रतिदिन पैदल कॉलेज आने में परेशानी होती थी। छात्रा ने अपनी यह परेशानी एक दिन अपने विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बालेश्वर राम के समक्ष रखी। बालेश्वर राम ने छात्रा की मेहनत और पढ़ाई में लगन को देखते हुए उसे साइकिल देने का मन बनाया। सोमवार को प्रो राम ने बाजार से नई साइकिल खरीद कर कॉलेज लेते गए और छात्रा को साइकिल उपलब्ध कराया। इसी तरह प्रोफेसर राम ने हिंदी डिपार्टमेंट की एक अन्य छात्रा सीता कुमारी को बस भाड़ा के लिए नगद पैसे देकर मदद किया । मौके पर प्रो. रघु राम, प्रो. संतोष दयाल, प्रो. अनिल सिंह, प्रो. अमित कुमार रवि, सुदीप कुमार एवं हिंदी विभाग के विद्यार्थी उपस्थित थे।