सदर थाना में सोमवार को बाल कल्याण समिति सह शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीओ राजीव कुमार ने की। बैठक में बाल कल्याण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद , एसडीपीओ ज्ञानरंजन, बीडीओ रंथू महतो, सीओ जामुन रविदास , नगर परिषद अध्यक्ष गुंजा देवी, उपाध्यक्ष सुदेश कुमार सहित शहर के सभी वार्डों के वार्ड पार्षद उपस्थित थे । बाल कल्याण समिति की बैठक में लोगों को बाल अपराध की जानकारी दी गई। बाल कल्याण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद ने वर्तमान समय में बच्चों के साथ हो रहे अपराध की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ गई है। बाल मजदूरी, बाल व्यापार , बाल विवाह जैसी घटनाएं सामने आ रही है । छोटी छोटी बच्चियों के साथ सेक्सुअल हैरसमेंट की घटनाएं भी सामने आ रही है । यह समाज के लिए बड़ी चिंता का विषय है। इन समस्याओं के समाधान के लिए समाज के सभी वर्गों को सामने आना होगा और ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ खड़ा होना होगा। समाज के बुद्धिजीवी व समाजसेवी लोगों को अपने आसपास में होने वाली ऐसी घटनाओं पर नजर बनाए रखना होगा और समय रहते इसकी सूचना पुलिस व बाल कल्याण समिति को देनी होगी। तब जाकर उपरोक्त समस्याओं का समाधान हो सकेगा। एसडीओ राजीव कुमार ने कहा कि बच्चों से मजदूरी कराना व बच्चों को प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है । वर्तमान की कुछ घटनाओं में नाबालिग युवतियों के साथ सेक्सुअल हैरसमेंट की घटनाएं सामने आई है। समाज के लोगों को इस पर ध्यान देना होगा। तभी ऐसी घटनाएं रुकेगी। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आगे आने की बात कही गई । बैठक में कुछ हीं दिन बाद मनाए जाने वाले ईद शांति पूर्वक संपन्न कराने की भी बात कही गई । लोगों को आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मिलकर त्यौहार मनाने का निर्णय लिया गया । बैठक में थाना प्रभारी राम अवध सिंह , धर्मगुरु हठयोगी बाबा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा, अभिषेक केसरी, उदय वर्मा , इंटक के जिला अध्यक्ष साबिर हुसैन , सलीम कालिया, बिरजू तिर्की, वार्ड पार्षद बासुदेव यादव, राज सिन्हा, अजय यादव, माया देवी, प्रेम साहू , गोविंद पासवान सहित अन्य कई उपस्थित थे।