भुरकुंडा जंगल से बाइकर्स ने शराब दुकान मालिक से 4.76 लाख रुपए लूटे
इटखोरी | दो बाइकर्स लुटेरों ने मंगलवार को भुरकुंडा जंगल से दिन दहाड़े करमा चौक के सरकारी विदेशी शराब दुकान संचालक से 4 लाख 76 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार करमा सरकारी विदेशी शराब दुकान के संचालक जीतेंद्र यादव अपने एक सहयोगी के साथ बाइक पर सवार होकर 4 लाख 76 हजार रुपए लेकर चतरा बैंक जमा करने जा रहा था। इसी बीच भुरकुंडा जंगल में चतरा से आ रहे एक बाइक पर सवार दो लुटेरों ने आगे से उनकी बाइक को रोक दिया। इसके बाद हाथों में रखे फ्यूज ट्यूब लाइट से उन दोनों के सर पर वार करने लगे। इस बीच वे दोनों बेहोश होकर रोड पर गिर गए। इसका फायदा उठाकर उनके उनके पास बैग में रखे 4 लाख 76 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इन दोनों ने इटखोरी थाने को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक उन बाइकर्स लुटेरों की तलाश जारी है।