312 बोतल शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, गए जेल
चतरा | सदर थाना पुलिस ने सोमवार की देर शाम तस्करी के लिए बिहार ले जाया जा रहा 13 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में लोहरदगा के रहने वाले संजय कुमार साव व दीपक कुमार ठाकुर शामिल है। थाना प्रभारी रामअवध सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध रूप से तस्करी के लिए शराब बिहार ले जाने वाले हैं। उक्त सूचना पर चतरा-गया मार्ग पर सेरेगड़ा पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान लगाया गया। शाम लगभग आठ बजे एक सेवरलेट कार से दो युवक आते दिखाई पड़े। पुलिस को देखते हुए दोनों युवक गाड़ी खड़ी कर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें खदेड़कर पकड़ा। इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई। इस दौरान गाड़ी की डिक्की से 13 पेटी रॉयल स्टैक की 312 बोतल शराब बरामद किया गया। पूछताछ के बाद मंगलवार को दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।