मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जनसेवक संघ ने दिया धरना
मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को जिला जनसेवक संघ ने समाहरणालय के पास एक दिवसीय धरना दिया। इसका नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष सतीश सिन्हा कर रहे थे। धरना के बाद संघ का एक प्रतिनिधि मंडल उपायुक्त को एक मांग पत्र सौपा। डीसी को सौंपे गए मांग पत्र में संघ ने बताया है कि गत 12 मई को सिमरिया प्रखंड के बगरा पंचायत के जनसेवक सह प्रभारी सचिव मुनेश तिर्की पंचायत के लुतिडीह गांव में ग्राम विकास समिति का गठन करने गए थे। इनके साथ पर्यवेक्षक शत्रुधन प्रसाद व रोजगार सेवक रंजीत पांडेय भी थे। ग्राम विकास समिति के गठन के लिए बैठक किया जा रहा था। इसमें ग्रामीण सहमति से समिति के लिए अध्यक्ष व सचिव का चुनाव कर रहे थे। इसी बीच गांव के ही चंदन कुमार सिंह वहां पहुंचे और अपने पसंद के एक व्यक्ति को समिति का सचिव बनाने का दवाब बनाने लगे। जब जनसेवक मुनेश तिर्की ने चंदन सिंह की बात नहीं मानी तो उन्होंने जनसेवक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की कर दिया। और ग्राम सभा का रजिस्टर भी फाड़ दिया। जनसेवक मुनेश तिर्की लुतिडीह गांव से लौटने के बाद सिमरिया थाना पहुंचे और घटना की लिखित सूचना थाना को दे दी । जब थाना में आवेदन देने की सूचना आरोपी को मिली तो आरोपी चंदन सिंह अपने सहयोगी शशि सिंह, संजीत सिंह, प्रमोद सिंह, मुकेश सिंह व सुदर्शन सिंह के साथ मिलकर जनसेवक मुनेश तिर्की के पास प्रखंड कार्यालय में पहुंच गए और थाना में दिए आवेदन वापस लेने का दबाव बनाने लगें । जब तिर्की ने आवेदन लेने से इंकार कर दिया तो उपरोक्त आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देने लगे । संघ ने डीसी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।धरना में संघ के सचिव राकेश त्यागी, विमल कुमार, योगेश कुमार, राकेश कुमार, मनरेगा संघ के मंजीत सिंह, राकेश प्रसाद, नवीन तिर्की, राजेश कुमार आदि शामिल थे।