भूमि विवाद में दो गुटों में मारपीट, दस घायल
सदर थाना क्षेत्र के तरोग गांव में मंगलवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों ओर से दस लाेग जख्मी हो गए। इनमें से चार को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया है। घायलों में एक पक्ष के मंटू पासवान, रंजन पासवान, अजय पासवान, सुभाष पासवान, प्रकाश पासवान व दूसरे पक्ष के अनिल पासवान, उमेश पासवान, पंकज पासवान, बीरेंद्र पासवान व अंबुज्य पासवान शामिल हैं। बताया जाता है कि गांव में एक भू-खंड पर कब्जा को लेकर मंटू पासवान व संतन पासवान के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। बीते सोमवार को उक्त विवादित भूमि पर मंटू पासवान ने जेसीबी से मिट्टी कटवाया। जब इसकी जानकारी दूसरे पक्ष के संतन पासवान को हुई तो मंगलवार की सुबह दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे व राड से मारपीट शुरू हो गया। इसमें दस लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के मंटू पासवान, रंजन पासवान, अजय पासवान व सुभाष पासवान को रिम्स रेफर किया गया है। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ सदर थाना में मारपीट का मामला दर्ज कराया है।