- Hindi News
- National
- हड़ताल और स्वास्थ्य बंद रहने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए हो रही परेशानी
हड़ताल और स्वास्थ्य बंद रहने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए हो रही परेशानी
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों चिकित्सा व्यवस्था भगवान भराेसे चल रहा है। एक ओर जहां ग्रामीण चिकित्सक पांच दिनों की हड़ताल पर हैं। वहीं दूसरी ओर गांव के सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में ताला लटक रहा है। ग्रामीण चिकित्सकों की हड़ताल के बाद गांव की स्वास्थ्य सुविधा का हाल जानने मंगलवार को दैनिक भास्कर की टीम सदर प्रखंड के दो स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर पहुंची। इस दौरान दाेनों स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद पाए गए। दोनों केंद्रों पर ताले लटक रहे थे। ग्रामीण चिकित्सकों की हड़ताल के बाद भी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में भी ग्रामीणों का इलाज नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को दैनिक भास्कर की टीम ने स्वास्थ्य उपकेंद्र पकरिया और लरकुआ का जायजा लिया। यह टीम सबसे पहले 12:24 बजे पकरिया पहुंची। उस समय केंद्र बंद था और कैंपस में सूखने के लिए गेहूं पसारा हुआ था। इसके बाद टीम 12:47 बजे लरकुआ स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंची। उस समय यह केंद्र भी बंद था। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों केंद्र कभी-कभार ही खुलते हैं। बीच-बीच में दो तीन महिला स्वास्थ्य कर्मी केंद्रों पर आती हैं। लरकुआ गांव के भ्रमण में यह भी पता चला कि स्वास्थ्य उपकेंद्र व आंगनबाड़ी केंद्र दोनों यहां सामुदायिक भवन में चलाया जा रहा है। लरकुआ के स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए भवन का निर्माण सात साल पहले शुरू हुआ था, जा आजतक पूरा नहीं हुआ।
कार्रवाई के विरोध में हड़ताल पर हैं ग्रामीण चिकित्सक
स्वास्थ्य विभाग गैर मान्यता प्राप्त क्लिनिकों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की है। इसके तहत पिछले दिनों हंटरगंज प्रखंड में आधा दर्जन क्लिनिकों को सील किया गया है। ग्रामीण चिकित्सक स्वास्थ्य विभाग के इस कार्रवाई के विरोध में पांच दिनों के हड़ताल किया है। ग्रामीण चिकित्सकों की मांग है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा का बेहतर प्रबंध करे। संघ के अध्यक्ष डॉ. आनंद का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण चिकित्सकों के भरोसे ही लोगों की स्वास्थ्य सुविधा निर्भर है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में दिन व रात ग्रामीण चिकित्सक लोगों की सेवा कर रहे हैं।
ग्रामीण चिकित्सक पांच दिनी हड़ताल पर और सरकारी स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद