बालू लदा ट्रैक्टर किया जब्त, जुर्माना लेकर छोड़ा
हंटरगंज | चतरा एसडीओ राजीव कुमार ने बुधवार को प्रखंड स्थित निरंजना नदी स्थित कॉलेज के समीप से हो रहे बालू उठाव का औचक निरीक्षण किया। यह बालू घाट पूजा इंटरप्राइजेज के नाम से संचालित है। निरीक्षण के दौरान उक्त बालू घाट पर चल रहे वाहनों में छह ट्रैक्टर को जब्त किया जिसमें चार ट्रैक्टर का चालान सही पाया गया एवं एक ट्रैक्टर खाली मिला। एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए ट्रैक्टर के चालाक एसडीओ को आते देखते ही गाड़ी छोड़कर भाग खड़ा हुआ। ट्रैक्टर के चालक नहीं रहने के कारण माइनिंग चालान नहीं दिखाया जा सका। ट्रैक्टर मालिक द्वारा चालान दिखाए जाने पर एसडीओ ने गाड़ी पर नंबर नहीं लिखा होने के कारण 2500 रुपये का फाइन कर दिया। यह फाइन खनन निरीक्षक दिलीप कुमार के अनुसार लगाया गया। इस मौके पर जिला खनन निरीक्षक के अलावा अंचलाधिकारी राम सुमन प्रसाद, थाना प्रभारी माइकल मरांडी दल-बल के साथ बालू घाट पर मौजूद थे।