आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जनसेवक संघ का धरना जारी
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला जन सेवक संघ ने बुधवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रखा। यह धरना समाहरणालय के पास दिया गया। जनसेवक संघ गत 12 मई को सिमरिया प्रखंड के बागरा पंचायत के लुतीडीह गांव में जनसेवक मुनेश तिर्की के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में धरना पर बैठे हैं। उल्लेखनीय है कि जनसेवक मुनेश तिर्की 12 मई को लुतीडीह गांव में ग्राम विकास समिति की बैठक करने गए थे। इसी दौरान गांव के ही चंदन सिंह ने अपने पसंद के व्यक्ति को ग्राम विकास समिति का सचिव बनाने के लिए मुनेश तिर्की के साथ मारपीट की है। इस मामले में भुक्तभोगी जनसेवक ने गांव के चंदन सिंह के अलावा शशि सिंह, संजीत सिंह, प्रमोद सिंह, मुकेश सिंह व सुदर्शन सिंह के खिलाफ सिमरिया थाना में मामला दर्ज कराया है । मामला दर्ज कराने के दूसरे दिन जनसेवक संघ ने सिमरिया प्रखंड कार्यालय के समीप धरना पर बैठे थे। इसके बाद पिछले दो दिनों से जिले के सभी प्रखंडों के जनसेवक समाहरणालय के पास धरना पर बैठे हैं । जन सेवक संघ का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक धरना जारी रहेगा। इसका नेतृत्व संघ के जिला अध्यक्ष सतीश सिन्हा कर रहे हैं।