गुहला भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि ब्राह्मण समुदाय की मांग पर चीका शहर में कैथल रोड पर जल्द ही भगवान परशुराम भव्य चौक बनेगा। उक्त घोषणा बाजीगर ने आज यहां भगवान परशुराम धर्मशाला के प्रधान रामकिशन शर्मा की अगुवाई में मिले ब्राह्मण समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल के समक्ष की। विधायक ने कहा कि न केवल उनकी मांग मानी गई है, अलबत्ता इस पर काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। इस बारे अधिकारियों को आदेश भी दे दिए गए हैं। बाजीगर ने कहा कि चौक पर लगभग 5 लाख रुपए की राशि खर्च आएगी। इसके लिए प्रस्ताव पास करने के लिए नगरपालिका सचिव को आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चौक पर भगवान परशुराम की आकर्षक मूर्ति व फव्वारे लगवाए जाएंगे। बाजीगर ने बताया कि चौक का जल्द ही नारियल फोड़ कर शिलान्यास भी कर दिया जाएगा।
इससे पूर्व विधायक ने विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं भी सुनी। अधिकतर समस्याएं बिजली, पानी, सड़क, गलियों व नालियों से संबंधित थी जिन्हें मौके पर ही हल कर दिया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाजीगर ने कहा कि पिछले 40 सालों से दर्जनों ऐसी समस्याएं थी जिन्हें हल करवाने के लिए लोग बाट जोह रहे थे। बाजीगर ने बताया कि उक्त समस्याओं में महिला कॉलेज, फोर लैन, आईटीआई भवन, विश्राम गृह भवन, जंगल जाल, नहर को ढांपना, मिट्टी व पानी की जांच की लैब आदि मुख्य रूप से शामिल थी, नतीजतन कुछ समस्याएं हल हो गई हैं और कइयों पर काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि डेढ़ वर्ष के शेष कार्यकाल में सभी समस्याओं को हल कर दिया जाएगा। इस अवसर पर ब्लाक समिति के चेयरमैन नेत्रपाल शर्मा, वासुदेव शर्मा, कस्तूरी लाल, संजीव कुमार, धनी राम व विजेंद्र कौशल उपस्थित रहे।
गुहला चीका | परशुराम धर्मशाला मंे आयोजित बैठक में मौजूद बाह्मण समाज के लोग।
शहर की मुख्य सड़कों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
विधायक ने कहा कि शहर में चप्पे-चप्पे पर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे जिसके बाद समूचा शहर सीसीटीवी कैमरों की जद में आ जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था पहले से भी सुदृढ़ हो जाएगी। शहर में चारों प्रवेश द्वारों, शहीद उधम सिंह चौक, भवानी मंदिर, पुरानी व नई अनाज मंडी, भगवान परशुराम चौक, खरकां रोड, सब्जी मंडी, किराना मंडी व अन्य कुछ सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे।