मीटिंग में पहुंचें अभिभावक, स्कूल ने भेजे निमंत्रण
अध्यापक का सर्वप्रथम कर्तव्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति जिज्ञासा पैदा करना है ताकि वह हर प्रकार की शिक्षा से ओतप्रोत होकर सर्वांगीण विकास कर सके। ये विचार डिप्टी डीईओ शमशेर सिंह सिरोही ने सक्षम हरियाणा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु खंड संसाधन संयोजक कार्यालय, गुहला में खंड के सभी राजकीय विद्यालयों के मुखियाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि सक्षम हरियाणा कार्यक्रम के तहत जिला कैथल को सक्षम बनाने हेतु एडीसी पार्थ गुप्ता ने 19 मई को जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अभिभावक शिक्षक बैठक महोत्सव मनाने के निर्देश दिए है, जिसको अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने खुद सभी अभिभावकों के नाम बैठक में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र लिखा है। इस अवसर पर प्रिंसिपल पूनम कालड़ा, हरबंश लाल, राजेन्द्र कुमार, रामेश्वर दास,संजय शर्मा, कुलभूषण शर्मा, सुरेंद्र गोयल, लोकेंद्र कुमार सहित विभिन्न राजकीय विद्यालयों के मुखिया उपस्थित रहे।