आप विधायकों ने की पेंशनों के लटक रहे केसों का निपटारा करने की मांग
संगरूर में डीसी को ज्ञापन सौंपते आप विधायक व अन्य।
भास्कर संवाददाता| संगरूर
आम आदमी पार्टी का वफ्द पार्टी के राज्य उप प्रधान अमन अरोड़ा व विधायक हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में डीसी घनश्याम थोरी से मिला। वफ्द की ओर से मांग की गई कि जिले में बुढ़ापा, विधवा व अंगहीन पेंशनों के एक वर्ष से लटक रहे केसों का निपटारा किया जाए, ताकि योग्य पेंशनरों को लाभ मिल सके। वफ्द ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर योग्य पेंशनरों की पेंशन चालू न की गई तो पार्टी की ओर से तीखा संघर्ष किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक अमन अरोड़ा व विधायक हरपाल चीमा ने कहा कि जांच के दौरान योग्य व्यक्तियों की पेंशन भी काट दी गई, जो लंबे समय से दफ्तरों में परेशान हो रहे है। गरीब व जरूरतमंद होने के बावजूद भी योग्य व्यक्तियों को पेंशन नसीब नहीं हो रही है। क्योंकि पेंशनों के केस करीब एक वर्ष के बकाया पड़े है, जिनका निपटारा नहीं किया जा रहा। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर पेंशन के केसों को हल न किया गया तो आम आदमी पार्टी की ओर से तीखा संघर्ष कर डीसी कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। इस मौके पर राजवंत सिंह, जसवीर सिंह कुंदनी, दिनेश बांसल आदि उपस्थित थे। (रजत गोयल)