महायज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर
कवाई । कस्बे के छबड़ा रोड स्थित श्रीहनुमान चौकी आश्रम पर ग्रामीणों के सहयोग से नवनिर्मित मंदिर पर आयोजित होने वाले श्रीमद भागवत, पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। श्रीअंजलिलाल सेवा समिति अध्यक्ष अमित गर्ग ने बताया कि पंडित कैलाशचंद कथा का वाचन दोपहर 12 से शाम चार तक करेंगे। भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली जाने वाली कलश यात्रा शिवशांति आश्रम से शुरू होकर हनुमान चौकी मंदिर पहुंचेगी। समिति के सुरेंद्र पंडित ने बताया कि नवनिर्मित मंदिर में 13 मई को सुबह 11 बजे प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ नौ से 13 मई को सुबह आठ से शाम 6 बजे तक होगा। सचिव बृजगोपाल शर्मा ने बताया कि आयोजन को लेकर समय-समय पर बैठक आयोजित की जा रही है। जिसमें कस्बे सहित गाेरधनपुरा, रिंझा, घाघोनिया, सालपुरा, फूलबड़ौदा व अन्य गावों के ग्रामीण भाग ले रहे हैं।