छबड़ा| क्षेत्र के जैपला में निर्माणाधीन बैथली नदी की पुलिया पर घटिया निर्माण करवाए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार के समक्ष नाराजगी जताते हुए कार्य बंद करवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बैथली बांध की मुख्य पुलिया के निर्माण में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतते हुए बिना तकनीकी मापदंड के घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण को लेकर मौके पर हंगामा किया और काम बंद करवा कर एक पिल्लर तुड़वा दिया। ग्रामीणों का कहना हैै कि विधायक प्रतापसिंह सिंघवी के प्रयासों से नवीन पुलिया बन रही हैै। पुलिया की नींव ही मजबूत नहीं होगी तो कैसे टिक पाएगी। इस संबंध में जैैपला निवासी संग्रामसिंह, जयसिंह, कायमसिंह, पृथ्वीसिंह, तयराम, नईम सहित अन्य लोगों ने एसडीएम को पत्र प्रेषित कर घटिया निर्माण रुकवाने की मांग की और चेतावनी दी कि घटिया निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीडब्लयूडी अधिशासी अभियंता मुकेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण किए जाने की जानकारी मिलने पर उक्त निर्माण को तुड़वा दिया गया था। ठेकेदार के निर्माण कार्य पर पूरी निगरानी है। घटिया रेत का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा। बनास से ही निर्माण कार्य कराया जाएगा।