छापीहेड़ा | नगर के वार्ड नंबर 6 में सेवा भारती द्वारा महिलाओं के स्वावलंबन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण शुक्रवार को प्रारंभ किया गया। समाजसेवी पार्षद प्रतिनिधि प्रकाश शर्मा व उनके सहयोगिता ने जन सहयोग से 150 महिलाओं का पंजीयन कर ब्यूटी पार्लर, सिलाई, कढ़ाई, मेहंदी, अगरबत्ती बनाना आदि के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद द्वारा किया गया। उन्होंने स्थानीय तालाब परिसर पर महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को संबोधित किया। इसमें उन्होंने महिलाओं से आगे बढ़कर ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की बात कही। चौका चूल्हा से हटकर आर्थिक लाभ लेने सेवा भारती द्वारा चलाए जा रहे उपक्रम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने पर बल दिया। कार्यक्रम को युवा मोर्चा महामंत्री निर्मल कुमार गुप्ता, नपाध्यक्ष मानकुंवर मालवीय, उपाध्यक्ष सोना सेठिया, सीमा कौशिक, प्रशिक्षिका किरण नागर, सपना नामदेव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश गुप्ता ने किया।